कैथल। पुलिस ने जमीन के नकली कागज दिखाकर लोन लेने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि पुलिस ने जमीन के नकली कागजात दिखाकर दो अलग-अलग मामलों में आरोपी हरसौला निवासी पंकज, बुढ़नपुर जिला करनाल निवासी रेशम सिंह और पानीपत निवासी तत्कालीन मैनेजर तेज सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया टिंबर मार्केट कैथल के ब्रांच मैनेजर नरेश कुमार ने नकली कागज दिखाकर लोन लेन वाले आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। मैनेजर नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि हरसौला निवासी जोगिंदर, करोड़ा निवासी सुरेंद्र पाल, बुढ़नपुर निवासी रेशम, हरसौला निवासी पंकज ने तत्कालीन मैनेजर तेज सिंह चौहान के साथ मिलकर धोखाधड़ी से लोन लिया था। पुलिस ने थाना शहर में विभिन्न धाराओं में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। उनकी जांच इकोनॉमिक सेल ने की। पुलिस आरोपी हरसोला निवासी जोगिंद्र और करोड़ा निवासी सुरेंद्र पाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। प्रवक्ता ने बताया कि पंकज, रेशम और तेज सिंह चौहान धोखाधड़ी के किसी अन्य मामले में पहले ही जिला जेल में बंद थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।