कैथल। कुराड़ और लांबा खेड़ी के बीच बुधवार को महिला ने दो युवकों के साथ मिलकर एक कार सवार को फिल्मी स्टाइल में लूट लिया। पहले लिफ्ट लेकर गाड़ी में बैठे, फिर चाकू से हमला कर गले से सोने की चेन और 52 हजार रुपये कैश लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर प्रकरण की छानबीन शुरू कर दी है।
कलायत थाने में दी गई शिकायत के अनुसार दुब्बल गांव निवासी अनिल ने बताया कि गत नौ मार्च को पौने तीन बजे के करीब वह अपनी गाड़ी से गांव से कलायत की ओर जा रहा था। कुराड़ और लांबा खेड़ी के बीच रास्ते में एक महिला और 17 साल के लड़के ने उसकी गाड़ी में बैठने के लिए इशारा किया। जरूरतमंद समझकर उसने गाड़ी रोककर उन्हें बैठा लिया। लांबा खेड़ी गांव के पंप से आगे बढ़ने के बाद गाड़ी में बैठी महिला ने एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के पास गाड़ी रुकवाई। गाड़ी रुकने पर महिला ने उसके गले से चेन छीनने की कोशिश की लेकिन उसने विरोध किया। इस पर उसके साथ वाले लड़के ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके बाएं हाथ और गले पर लगा। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार भाग कर उसकी गाड़ी की तरफ आया और उनके साथ मिलकर उसके गले की चेन और थैले से 52 हजार रुपये नकदी लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद वे बिना नंबर की मोटरसाइकिल से कलायत की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात महिला और दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ कलायत बलदेव सिंह ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में शिकायत के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।