संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कैथल ने चाइल्ड कंजर्वेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (सीसीएफ) हरियाणा चैप्टर के सहयोग से गोद लेने के जागरूकता दिवस पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम स्थानीय सनातन धर्म मंदिर के सम्मेलन कक्ष में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पैरा-लीगल वालंटियर्स, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और डीएलएसए से जुड़े रक्षा सलाहकार शामिल हुए।
मुख्य अतिथि उप निदेशक एवं जिला अटॉर्नी सुखदीप सिंह ने कहा कि गोद लेने का कार्य केवल सामाजिक नहीं, बल्कि कानूनी दृष्टि से भी अत्यंत संवेदनशील विषय है। प्रत्येक नागरिक को गोद लेने की वैधानिक प्रक्रिया और बाल अधिकारों के संरक्षण के बारे में जागरूक होना चाहिए। इस अवसर पर डीबीए कैथल के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर पराशर ने भी विचार साझा किए।