संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में डेंगू संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस बार डेंगू ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। अब तक 87 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष कुल 77 मामले दर्ज हुए थे। वहीं इस सीजन में चिकनगुनिया के तीन नए मामले भी रिपोर्ट हुए हैं। इन सि्थतियों को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाया गया है। यहां बेड लगाकर सभी पर मच्छरदानी लगाई गई है।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस समय स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और डोर-टू-डोर लार्वा जांच अभियान चलाया जा रहा है। टीमें जहां भी लार्वा मिलने की पुष्टि करती हैं, वहां दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। हालांकि फॉगिंग के अभाव को लेकर लोगों में नाराजगी है। शहरवासियों का कहना है कि नगर पालिका और पंचायतों को फॉगिंग की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन कई पंचायतों के पास मशीनें उपलब्ध ही नहीं हैं। ऐसे में डेंगू-चिकनगुनिया रोकथाम कैसे संभव होगी?
मंगलवार को स्वास्थ्य टीमों ने 10,412 घरों का सर्वे किया, जिसमें 30 स्थानों पर मच्छर का लार्वा पाया गया। जिले में विभाग की ओर से 930 टीमें लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान चला रही हैं। लोगों को पानी के बर्तनों की सफाई, कूलर-फ्रिज की ट्रे में जमा पानी हटाने, पुराने सामान की सफाई और घर के बाहर पानी न जमा होने देने की सलाह दी जा रही है।
उधर, जिला नागरिक अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड में सभी बेडों मच्छरदानी लगाई गई है। इसके साथ 24 घंटे अस्पताल में एलीजा टेस्ट व दवाइयों की सुविधा उपलब्ध रहती है। वार्ड का उद्देश्य डेंगू के मरीजों को तुरंत और विशिष्ट उपचार प्रदान करना है। डेंगू वार्ड की स्थापना को जिला स्वास्थ्य व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल गंभीर मरीजों को त्वरित इलाज मिलेगा बल्कि संक्रमण के बढ़ते खतरे को भी नियंत्रित किया जा सकेगा। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि यदि मरीजों की संख्या बढ़ती है, तो वार्ड का विस्तार भी किया जा सकता है।
जिला नागरिक अस्पताल का यह प्रयास डेंगू मरीजों को समय पर इलाज मुहैया कराने, संक्रमण नियंत्रित करने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। विभाग को उम्मीद है कि लोग सतर्कता बरतेंगे और लक्षण के दिखते ही जांच कराकर समय पर उपचार लेंगे, जिससे बीमारी को शुरुआती चरण में ही रोका जा सके।
साल 2020 से अब तक मरीजों का ब्योरा
वर्ष
मलेरिया
डेंगू
चिकनगुनिया
2020
00
114
00
2021
00
1212
00
2022
00
116
02
2023
00
118
01
2024
01
77
00
2025
01
87
03
डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में डेंगू की जांच निशुल्क उपलब्ध है। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं, ताकि समय पर उपचार शुरू किया जा सके। -डॉ. नीरज मंगला, डिप्टी सिविल सर्जन