संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के सिरटा रोड स्थित एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब साढ़े चार लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर की मालकिन अपने मायके गई हुई थी। पड़ोसियों ने मकान की खिड़की का शीशा टूटा देखा तो तुरंत फोन कर महिला को सूचना दी।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में भारती ने बताया कि वह 14 जून को अपने मायके चंदाना गेट गई थीं और वहां तीन दिन रुकीं। 17 जून की सुबह पड़ोसियों का फोन आया कि घर की खिड़की का शीशा टूटा हुआ है और वह जल्दी घर पहुंचे। जब वह करीब 9 बजे घर पहुंचीं तो देखा कि मकान के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और कमरों के ताले टूटे हुए थे।
उन्होंने बताया कि उनके कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर चोर दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठी, तीन जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी झुमके, पांच जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की चेन, दो चांदी के लॉकेट, एक गुल्लक जिसमें आठ हजार रुपये थे, सरकारी टैब और एक लाख 70 हजार रुपये नकद ले उड़े।