संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निवेश के नाम पर रकम बढ़ाने या नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले सावधान हो जाएं। मुनाफा और सब्जबाग दिखाकर आम लोगो का भरोसा जीतकर साइबर ठग उन्हें अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामलों में निवेश का झांसा देकर साइबर ठग लोगों के खातों से रुपये खाली कर रहे हैं।
इस संदर्भ में एसपी आस्था मोदी ने आम लोगों को सचेत किया है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निवेश के आकर्षक विज्ञापन पोस्ट करते हैं, जिनमें 500 से 600 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा किया जाता है। लालच में आकर लोग इन विज्ञापनों में दिए गए लिंक पर क्लिक कर देते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं।
इन लिंक के ज़रिए ठग लोगों को व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ते हैं, जहां निवेश की शर्तें बताई जाती हैं। पीड़ितों को एक विशेष मोबाइल एप डाउनलोड करने को कहा जाता है जिसमें निवेश व मुनाफे की फर्जी जानकारी दिखाई जाती है। जब व्यक्ति मुनाफे की राशि निकालना चाहता है, तो उसे विभिन्न बहानों से प्रोसेसिंग फीस, टैक्स आदि के नाम पर और पैसे देने को कहा जाता है।कई लोग अपनी पूंजी वापस पाने की उम्मीद में साइबर ठगों को और अधिक पैसे दे बैठते हैं, लेकिन अंत में उन्हें यह समझ आता है कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।
एसपी ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के फर्जी निवेश ऑफरों से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और निवेश करने से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। यदि आप किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। एसपी ने कहा कि हमेशा सतर्क रहें, साइबर ठगों से सुरक्षित रहें।