कैथल। प्रदेश सहित कैथल जिले में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तीखी धूप और लू का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने 18 जून से बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों में भीषण गर्मी को देखते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. रमेश चंद्र वर्मा के अनुसार, पिछले कई दिनों से कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है, जिससे गर्म और शुष्क हवाओं ने वातावरण की नमी को समाप्त कर दिया है। आसमान साफ और बादलविहीन होने के कारण पूरे दिन चटकधार धूप निकल रही है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र महसूस हो रही है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि 16 जून के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद 17-18 जून के बीच एक और विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस प्रणाली के प्रभाव से 23 जून तक बारिश की गतिविधियों की संभावना बनी रहेगी। संवाद