संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने रविवार को कैथल में आयोजित जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन में आरोप लगाते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार में प्रदेश के हालात बेहद खराब हैं। सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। कार्यक्रम में कई युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।
सम्मेलन में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, अपराध और किसानों की समस्या पर चिंता जताई गई। अपने संबोधन में डॉ अजय चौटाला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सिस्टम में बैठे लोग केवल मौज लूट रहे हैं और जनता परेशान है। सरकार केवल हवा-हवाई बातें करके जनता को धोखा देने की कोशिश कर रही है, जबकि धरातल की सच्चाई जगजाहिर है। डॉ चौटाला ने युवाओं से अपील की कि वे एकजुट होकर बदलाव लाने के लिए आगे आएं और संगठन को मजबूती प्रदान करें।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी के युवाओं को योद्धा बनकर मैदान में उतरना होगा और पार्टी की नीतियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में प्रदेश का बुरा हाल है।
किसानों को उनकी फसलों का पूरा मूल्य नहीं मिल रहा और बाढ़ पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला। मंडियों में किसानों को नमी के नाम पर लूटा जा रहा है। बढ़ते अपराध को देखकर लगता है कि प्रदेश में गुंडे नायब हैं और पुलिस प्रशासन गायब है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने अपने राजनीतिक सफर में जनहित के फैसले लेकर चौधरी देवीलाल की तरह अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विरोधी पार्टी के नेता जेजेपी का नाम लिए बिना चर्चा नहीं करते, लेकिन हमें उनका जिक्र करने की जरूरत नहीं है।
जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गुटबाजी में बंटी हुई है और विपक्ष की भूमिका नजर नहीं आती। जेजेपी मैदान में उतरकर आमजन की आवाज बन रही है और आने वाला समय निश्चित रूप से जेजेपी का होगा।
कार्यक्रम के आयोजक और युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल के सच्चे सिपाही संघर्ष करके बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं। आज पार्टी कार्यकर्ता संगठन मजबूती के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग बड़ी संख्या में जेजेपी से जुड़ रहा है और बढ़ती बेरोजगारी, नशे और अपराध के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
इस अवसर पर जेजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी, प्रो. रणधीर चीका, रणदीप कौल, रोशन ढांडा, अवतार चीका, बलवान कोटड़ा, धूप सिंह माजरा और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
युवा योद्धा सम्मेलन में पहुंचे अजय चौटाला।