संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। महाराजा अग्रसेन पार्क के पास सरकारी जमीन पर चल रहे मिट्टी भराव कार्य में अनियमितताओं की आशंका पर एसडीएम अजय हुड्डा ने जांच कमेटी गठित की है। कार्य में पारदर्शिता की कमी और संभावित भ्रष्टाचार की शिकायतों पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है।
मंगलवार को गठित जांच कमेटी ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। कमेटी के सदस्य और मनोनीत पार्षद राजेश बेदी ने बताया कि पिछले कुछ समय से इस स्थान पर मिट्टी डालने का कार्य चल रहा था, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह शिकायतें मिल रही थीं कि कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। आशंका है कि कागजों में दर्शाए गए कार्य और धरातल पर किए गए काम में अंतर हो सकता है।
चार सदस्यीय कमेटी में कलायत के नायब तहसीलदार, नगर पालिका के अकाउंटेंट, तहसील कार्यालय के पटवारी सुरेंद्र सिंह और मनोनीत पार्षद राजेश बेदी को शामिल किया गया है। कमेटी को जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे नगर पालिका में हलचल मच गई है।
जांच के दौरान टीम इस बात का आकलन कर रही है कि पहले कितनी मिट्टी मौजूद थी, कितनी नई मिट्टी डाली गई, कहीं भराव के नाम पर कचरे को तो नहीं दबाया गया, किन स्थानों पर कार्य अधूरा है, अब तक कितना खर्च हुआ है और कुल बजट कितना निर्धारित है।
डिजिटल मशीन से होगी सटीक जांच
एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि प्रशासन पारदर्शिता पर गंभीर है और कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस जांच में डिजिटल मशीनों का उपयोग कर कार्य की सटीकता और गुणवत्ता की गहन जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।