कलायत। गांव मटौर के शराब के ठेके पर बैठे ठेकेदार व उसके हिस्सेदार पर दो युवकों ने गोली चला दी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलायत थाना में दी गई अपनी शिकायत में गांव मटौर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार रात 10 बजकर 10 मिनट पर वह उसके पार्टनर बलकार, जगदीप उर्फ नन्हा, बलिंद्र व सेल्समैन सतीश ठेके पर बैठे थे। तभी एक बाइक पर दो युवक आए। दोनों युवकों ने अपने-अपने हाथों में पिस्तौल ले रखी थी। दोनों ने उन पर गोली चला दी। सुनील ने बताया कि वे युवकों की मंशा भांप गए तो खुद को झुका लिया। इससे वे बच गए। गोली दरवाजे में लगकर दीवार में जा घुसी। पुलिस को सुनील ने बताया कि गोली चलाने वालों में से एक युवक राहुल गांव मटौर का व दूसरा युवक रिंकू गांव करोड़ा का रहने वाला है।
यह भी आरोप लगाया कि फायर करने के बाद उन लोगों ने धमकी दी कि अगर इस ठेके का किसी ने टेंडर भी लगाने की कोशिश की तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। धमकी देने के बाद वे दोनों अपनी बाइक पर गांव बडसीकरी की और भाग गए। सुनील कुमार ने बताया कि इससे पूर्व 12 अगस्त 2021 को इन दोनों युवकों ने उनके पार्टनर बलिंद्र व सेल्समैन सतीश पर गोली चलाई थी जिसके छर्रों से वे घायल हो गए थे। उस समय भी पुलिस ने इन दोनों पर मामला दर्ज किया था। अब दूसरी बार फिर से उन्होंने गोली चला कर जान से मारने की कोशिश की। मामले की जांच के बाद कलायत पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 34 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।