संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में आरोपी को शरण देने वाले युवक लखविंद्र को काबू कर लिया है। पुलिस ने हाबड़ी रोड, पूंडरी निवासी आरोपी लखविंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मुख्य आरोपी राजेश की तलाश कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला बरसाना निवासी विशाल की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में कहा गया कि उसकी 28 वर्षीय बहन सुनैना, जो स्नातक कर चुकी थी और नौकरी की तैयारी कर रही थी, लंबे समय से मानसिक तनाव झेल रही थी। सुनैना की दोस्ती सांची नामक युवती से थी, जो पाई गेट, पूंडरी निवासी राजेश की चचेरी बहन है। इसी संबंध के चलते सुनैना का संपर्क राजेश से हुआ।
आरोप है कि राजेश लगातार सुनैना को शादी के लिए दबाव डालता, बार-बार फोन करता और फोटो व संदेशों की ब्लैकमेलिंग की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इससे युवती काफी परेशानी रहती थी।
परिवार ने इसके बारे में राजेश के परिजनों को भी अवगत कराया था, जिन्होंने ऐसी हरकत दोबारा न करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद राजेश की हरकतें जारी रहीं, जिससे सुनैना तनाव में आ गई और आत्महत्या की बातें करने लगी।
आरोपों में बताया गया कि एक सितंबर को उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से शाह अस्पताल कैथल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसने जहर खा लिया था। इलाज के दौरान रात करीब 9:30 बजे उसकी मौत हो गई। बाद में परिजनों को सुनैना का सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मानसिक परेशानी और मजबूरी का उल्लेख किया था।
पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ केस दर्ज किया, जो अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी लखविंद्र पर राजेश को शरण देने और सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने लखविंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
जहरीली दवाई पिलाकर पत्नी की हत्या में काबू
कैथल। थाना सदर पुलिस ने गत 10 जुलाई को हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने जांच के बाद घोघ गांव निवासी आरोपी बिट्टू राम को काबू किया।
थाना प्रभारी मुकेश ने बताया कि मृतका के भाई शमशेर (निवासी बुढा खेड़ा) ने शिकायत दी थी कि उसकी बहन दर्शना की शादी वर्ष 2008 में बिट्टू से हुई थी। शादी के बाद से ही परिवार में तनाव बना रहता था। सात साल पहले बिट्टू विदेश चला गया था, लेकिन लौटने के बाद भी दर्शना को अपने साथ नहीं रखा। आपसी समझौते के बाद दर्शना फिर ससुराल में रहने लगी, परंतु विवाद और मानसिक प्रताड़ना जारी रही।
आरोप है कि हाल ही में बिट्टू ने अवैध संबंधों के आरोप लगाते हुए दर्शना को जबरन जहरीली दवाई पिला दी। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद