संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। सरकारी अस्पताल के निकट स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला को चोरों ने निशाना बनाया। उन्होंने स्कूल परिसर से तीन पंखे और एक पानी की मोटर चुरा ली। यह घटना 2 जुलाई की रात की बताई जा रही है।
विद्यालय प्रभारी केशव राय ने सीवन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वीरवार को छुट्टी के बाद स्कूल बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन पहुंचे तो देखा कि कक्षा में लगे तीन पंखे और पानी की मोटर गायब थीं। चोरों की कारगुजारी निंदनीय है।
विद्यालय प्रभारी ने बताया कि ये पंखे समाजसेवियों द्वारा दान में दिए गए थे, ताकि गर्मी में बच्चों को राहत मिल सके। चोरी की वजह से भीषण गर्मी में छात्रों को बिना पंखों के पढ़ाई करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी दिक्कत हो रही है।
साथ ही, पानी की मोटर चोरी हो जाने से पीने के पानी की व्यवस्था भी बाधित हो गई है। केशव राय ने बताया कि इससे पहले भी विद्यालय में कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायतें पुलिस को दी गईं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्कूलों की सुरक्षा के लिए गार्ड नियुक्त किए जाएं और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।