संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अनाज मंडी से गेहूं उठान नहीं होने के कारण मंडी की व्यवस्था बिगड़ रही है। फसल खरीदने वाली एजेंसी लगातार आश्वासन दे रही हैं, लेकिन उठान न के बराबर है। इससे आढ़तियों के साथ-साथ किसान भी परेशान हैं। किसानों का कहना है कि मंडी के गेट से आढ़त तक पहुंचने में करीब एक घंटा लग जाता है।
किसान राजबीर ग्योंग, दीपक, प्रकाश व बारू ने बताया कि फसल खरीद के बाद लाखों क्विंटल गेहूं मंडियों में पड़ा है। मंडी में बने शेड के बीच बने रास्तों पर भी गेहूं जमा हो है। इस कारण मंडियों में आवागमन का रास्ता तक खत्म हो गया है। गेहूं का उठान न होने से जाम की स्थिति बन गई है। किसानों के ट्रैक्टरों व अन्य वाहनों को आढ़ती तक ले जाने में घंटों लग जाते हैं। इस कारण उन्हें अपनी फसल उतारने में दिक्कत आ रही है। सड़कों पर गेहूं पड़ा होने के कारण रुक-रुक कर जाना पड़ता है। किसानों ने उन्होंने प्रशासन से गेहूं का उठान शीघ्रता से करने की मांग की है।
मंडियों में 1 लाख 54 हजार 476 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद
डीसी सुजान सिंह ने बताया कि जिले शनिवार तक 1 लाख 54 हजार 476 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद गई है। डीसी ने बताया कि 71 हजार 685 मीट्रिक टन गेहूं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने, 53 हजार 509 हैफेड ने, 10 हजार 343 मीट्रिक टन भारतीय खाद्य निगम ने व 19 हजार 19 मीट्रिक टन गेहूं हरियाणा वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन नेा खरीदा है। उन्होंने कहा कि किसान गेहूं की फसल को सुखाकर व साफ करके मंडियों में लाएं, ताकि फसल की बिक्री में कोई परेशानी न हो।