संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। किसान संगठनों ने रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ का काले झंडे दिखाकर विरोध किया। इस दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रदेशाध्यक्ष महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, कैथल विधायक लीलाराम, वेदपाल एडवोकेट, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर और अन्य कई भाजपा नेता अतिथि थे। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार बड़ी संख्या में किसान सिरटा रोड पर कार्यक्रम स्थल के बाहर इकट्ठे हो गए और जोरदार नारेबाजी की। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर किसानों को कार्यक्रम स्थल के बाहर सिरटा रोड चौक पर रोका। जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष की गाड़ी चौक के पास पहुंची तो किसान काले झंडे दिखाने और गाड़ी को रुकवाने के लिए आगे बढ़े। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसानों को मुख्य सड़क पर आने से रोका।
प्रदेशाध्यक्ष का काफिला बिना किसी रुकावट के कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया। जब तक प्रदेशाध्यक्ष का काफिला वहां से आगे नहीं निकला, तब तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस और किसानों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इसके बाद भी किसान वहीं डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
करीब ढाई घंटे तक चले कार्यक्रम के बाद जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष व अन्य भाजपा नेता सामुदायिक केंद्र से बाहर आए, तब भी किसानों ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया। स्थिति को देखते हुए चालक तेजी से गाड़ियां चलाकर वहां से निकल गए। विरोध करने पहुंचे किसान सुखपाल सिंह, मंजीत कुमार, भरत सिंह बैनीवाल, संदीप भाल, महेंद्र सिंह, अशोक शर्मा व महिलाओं ने कहा कि वे पहले से ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और अन्य नेताओं का विरोध करने के लिए पहुंचे थे। किसानों ने कहा कि 14 अप्रैल को भाजपा के कुछ नेता गांव जगदीशपुरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आएंगे। उनका भी विरोध किया जाएगा। जब तक सरकार किसानों की मांगों को नहीं मानेगी, विरोध चलता रहेगा।
250 से ज्यादा पुलिस कर्मियों को किया गया था तैनात
सुरक्षा के दृष्टिगत डीएसपी दलीप सिंह, राजसिंह, विवेक चौधरी व सिटी एसएचओ शिवकुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। एसएचओ ने बताया कि किसानों के विरोध को देखते हुए प्रशासन नेा पहले ही कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे। 250 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया था। वहीं सिरटा रोड चौक, महाराणा प्रताप चौक और कार्यक्रम स्थल के दोनों तरफ चार जगहों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। कार्यक्रम संपंन होने तक पुलिस मौके पर डटी रही।