ढांड। जनता महाविद्यालय कौल में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं दीपावली के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तेजवीर सिंह के मार्गदर्शन और प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वर सिंह एवं स्वर्गीय कमला देवी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस दौरान प्रबंधन समिति के सदस्यों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने दोनों विभूतियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाई और दीप जलाकर परिसर को रोशनी से जगमगा दिया। इतिहास विभाग की ओर से विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा, गणित विभाग की ओर से डॉ. कोमल रानी, एनएसएस इकाई की ओर से कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नैंसी गुलाटी तथा वाईआरसी की ओर से काउंसलर डॉ. राधिका खन्ना ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को शपथ दिलाई।