फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: उठान की धीमी गति ने बढ़ाई आढ़तियों व किसानों की परेशानी

Sun, 19 Apr 2026 03:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
मॉडल टाउन के पास खाली जगह पर लगे गेहूं के ढेर
विज्ञापन
कलायत। कलायत अनाज मंडी में खरीद के बाद उठान की धीमी गति ने किसानों और आढ़तियों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार, मुख्य मंडी सहित सजुमा, कैलरम, सांघन और बढ़सीकरी परचेज सेंटरों व बालू सब-यार्ड में कुल 11 लाख 52 हजार 563 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक हैफेड ने 4,25,868 क्विंटल, फूड सप्लाई विभाग ने 1,10,749 क्विंटल और हरियाणा वेयरहाउस ने 1,04,014 क्विंटल गेहूं खरीदा है। इसमें से अब तक 1,59,380 क्विंटल अनाज का ही उठान हो पाया है। गेहूं की आवक को देखते हुए मंडी के बाहर स्थित खेतों और निजी प्लॉटों को अस्थायी खरीद केंद्र बनाना पड़ा है। इससे कच्ची जगहों पर गेहूं के ढेर लगे हुए हैं, जिससे अनाज के खराब होने की संभावना बढ़ गई है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार जैसे-जैसे मौसम का मिजाज बदल रहा है किसानों और व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी होती जा रही हैं। कच्चे स्थानों पर जलभराव या नमी की स्थिति में किसानों की मेहनत की कमाई मिट्टी में मिल सकती है। व्यापारियों का कहना है कि यदि उठान प्रक्रिया में तुरंत तेजी नहीं लाई गई तो आने वाले दिनों में नई फसल को उतारने के लिए जगह शेष नहीं बचेगी। इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए मार्केट कमेटी प्रशासन ने खरीद एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की कवायद शुरू कर दी है। मार्केट कमेटी सचिव अजय कुमार नैन ने बताया कि उठान में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर हैफेड, फूड सप्लाई और हरियाणा वेयरहाउस को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सचिव ने दोटूक शब्दों में कहा कि सभी एजेंसियों को अविलंब गेहूं उठाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मंडी में सुचारू कामकाज बना रहे और मौसम की अनिश्चितता से होने वाले नुकसान को टाला जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आढ़तियों की सुविधा के मद्देनजर प्रशासन पूरी मुस्तैदी बरत रहा है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें