गांव बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी।
कैथल। गांव बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी में साधु शिवशंकर पुरी उर्फ राकेश की समाधि के बाद 18 सितंबर को षोडशी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान करीब एक हजार साधु-संतों के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। वीरवार को हुई पंचायत में षोडशी कार्यक्रम और दशहरा मेले की तैयारियों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कमेटी सदस्य राजकुमार ने बताया कि षोडशी में विभिन्न डेरों के महंत और साधु समाज के लोग शामिल होंगे।
भंडारे में हलवा-पूरी, खीर और दो सब्जियां तैयार की जाएंगी। कार्यक्रम पर करीब आठ से 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है जिसका खर्च कमेटी की ओर से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तरह कमेटी गांव के दूसरे ट्रस्टों के सहयोग से डेरे की व्यवस्था संभाले हुए है लेकिन भविष्य में डेरे के बेहतर व पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन को सारी जिम्मेदारी कमेटी को सौंपनी होगी। पंचायत में मुख्य रूप से भजना राम, धर्मपाल नंबरदार, रिटायर्ड इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार और वकील नंबरदार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
गांव बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी।