ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से ऑर्डर किए गए गुलाब जामुन। सोशल मीडिया
कैथल। ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट से मंगवाए गए गुलाब जामुन पर बुधवार रात विवाद हो गया। ग्राहक ने मिठाई से बदबू आने और इसे खाने के बाद अपनी मां की तबीयत खराब होने का आरोप लगाया। इसके बाद वह गुलाब जामुन का डिब्बा लेकर ढांड रोड स्थित ब्लिंकिट सेंटर पहुंचा और सामान वापस लेकर रुपये लौटाने की मांग की।
इस दौरान ग्राहक और कर्मचारियों के बीच बहस हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुरानी सब्जी मंडी में बूट हाउस चलाने वाले विशाल कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे उन्होंने खाना खाने के बाद मुंह मीठा करने के लिए ब्लिंकिट से गुलाब जामुन मंगवाए थे।
उनका कहना है कि पैकेट खोलने पर मिठाई से बदबू आ रही थी। उनकी मां ने एक गुलाब जामुन खाया तो उन्हें उल्टी आ गई। इसके बाद उन्होंने डिलीवरी एजेंट से शिकायत कर सामान वापस लेने और रुपये लौटाने की मांग की। विशाल के अनुसार डिलीवरी एजेंट ने कहा कि पैकेट खुल चुका है, इसलिए रिफंड नहीं हो सकता और सामान बदलकर दिया जा सकता है। इसके बाद वह स्वयं ब्लिंकिट सेंटर पहुंचे।
वहां उन्होंने कर्मचारी से एक गुलाब जामुन खाकर जांचने को कहा और रिफंड की मांग की। उनका आरोप है कि इस दौरान मैनेजर ने कहा कि जो करना है कर लो। विशाल ने बताया कि वह मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण में भी करेंगे।
वहीं ब्लिंकिट सेंटर के इंचार्ज ने ग्राहक के आरोपों पर प्रतिक्रिया देने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ग्राहक के साथ कोई बदतमीजी नहीं की।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से ऑर्डर किए गए गुलाब जामुन। सोशल मीडिया