कपिल मुनि तीर्थ पर संध्या आरती में शामिल मुख्य अतिथि और श्रद्धालु। विज्ञप्ति
कलायत। संत शिरोमणि रविदास कलश वंदन यात्रा के लिए रविवार को प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ पर आयोजक व संयोजकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 7 सितंबर को प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए विस्तार से चर्चा की गई और यात्रा की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में भगवान कपिल मुनि मंदिर के पुजारी संजय गौतम और प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ कमेटी के प्रधान राजू कौशिक मुख्य रूप से मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास कलश वंदन यात्रा श्री रैदास तख्त कलायत से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ पर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के लिए कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। श्री रैदास तख्त प्रबंध कमेटी के प्रधान डॉ. प्रीतम कोलेखा और भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत ने बैठक में यात्रा के आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत चहल भी मौजूद रहे। डॉ. प्रीतम कोलेखा और राजीव राजपूत ने बताया कि यात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी और पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन भाग लेंगे।
कपिल मुनि तीर्थ पर संध्या आरती में शामिल मुख्य अतिथि और श्रद्धालु। विज्ञप्ति