कसान। गांव प्यौदा से तितरम तक जाने वाली सड़क की जर्जर हालत क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। हिसार- चंडीगढ़ नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस सड़क से गुजरते हैं लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से यात्रा जोखिम भरी बन गई है। विशेष रूप से तितरम गांव की ओर सड़क की स्थिति अधिक खराब है, जहां कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जबकि चारपहिया वाहनों को भी झटकों और तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से स्कूल बसें, एंबुलेंस, किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण यात्रियों को अधिक समय लग रहा है और ईंधन की भी अतिरिक्त खपत हो रही है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ने की आशंका है।
तितरम निवासी केरा सिंह ने बताया कि इस सड़क की नियमित देखरेख होनी चाहिए। संबंधित विभाग से जल्द निरीक्षण कर सड़क का स्थायी समाधान निकालें। वहीं ग्रामीण जगदीश ने कहा कि सड़क सुधार के लिए कई बार आश्वासन मिले लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जल्द कराया जाएगा निर्माण कार्य : एक्सईएन
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी विभाग को है। जल्द ही सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।