संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मई का आधा महीना बीत जाने के बाद अब गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में पीने के पानी की मांग भी बढ़ने लगी है। ऐसे में जलापूर्ति की समस्या से निपटने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर में सात नए ट्यूबवेल लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत ट्यूबवेलों को लगवाने के लिए मुख्यालय से अनुमति मिली। इसके बाद अब जल्द ही नए ट्यूबवेल लगाने की निविदा सूचना जारी की जाएगी। इनमें करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ये नए ट्यूबवेल पुराना शहर के इलाकों सहित अर्जुन नगर, प्रताप गेट और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में लगवाएं जाएंगे। इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होगा। अब इसका वर्क ऑर्डर किया जाना बाकी है।
जनस्वास्थ्य विभाग की इस काम के बाद 30 से अधिक कॉलोनियों को करीब 50 हजार लोगों को फायदा मिलेगा। शहर की 70 प्रतिशत जनसंख्या नहरी पानी पर निर्भर होने के कारण शहर के कई ऊपरी इलाकों में गर्मी के सीजन में पानी की काफी समस्या होती है, लेकिन अबकी पेयजल समस्या से निपटने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने प्यौदा रोड स्थित जलघर में सात करोड़ रुपये की लागत से पानी के दो टैंक तैयार किए थे।