संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के प्रमुख मार्गों में शुमार सचिवालय रोड इन दिनों अपनी बदहाल हालत को लेकर लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को हर कदम पर जोखिम उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। राहगीरों ने बताया कि पानी भरे होने के कारण गड्ढों की गहराई का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बार-बार बिगड़ जाता है।
लोगों ने बताया कि कई बार अचानक गहरे गड्ढे में पहिया फंसने से वाहन गिरने की नौबत आ जाती है, वहीं वाहनों के शॉकर और अन्य पार्ट्स भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
धुंध और कोहरे का मौसम शुरू होने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क पर पानी से भरे गड्ढे पहले से भी कम नजर आते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सचिवालय रोड से रोजाना हजारों की संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में सड़क की यह हालत किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है।
स्थानीय निवासी दीपक, लोकेश और अमित ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए और गड्ढों को भरा जाए, ताकि हादसों की आशंका को खत्म किया जा सके और आमजन को राहत मिल सके।