संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से कैथल पुलिस की नशा जागरूकता टीम की ओर से थाना राजौंद, सीवन तथा थाना शहर क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और नशे से दूर रहने की अपील की।
नशा जागरूकता टीम में शामिल एसआई कर्मबीर, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत व सोनिया, तथा एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इसके कारण पारिवारिक कलह बढ़ती है, आर्थिक तंगी आती है और अपराध की प्रवृत्ति को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद करती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है।
पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने बच्चों व आसपास के युवाओं को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करें। अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनसे खुलकर संवाद करने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या को समय रहते रोका जा सके। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि कैथल पुलिस नशा तस्करों और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।