विधायक ईश्वर सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर मांग की है कि वर्ष 2014 में उनके द्वारा घोषित की गई हाउसिंग बोर्ड हरियाणा के अधीन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए 50 हजार घर बनाए जाने की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए नगरपालिका चीका को बकाया राशि भिजवाई जाए व योजना को पूरा किया जाए।
विधायक ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया है कि वर्ष, 2014 में मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उचित कीमत में घर बनाकर देने की योजना की घोषणा की थी। योजना अनुसार हाउसिंग बोर्ड द्वारा जहां जगह उपलब्ध हो, वहां यह योजना लागू करनी थी, जिसके तहत हाउसिंग बोर्ड हरियाणा द्वारा गुहला हलका में नगरपालिका चीका से 10 एकड़ भूमि 32 लाख रुपये के हिसाब से 3 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदी थी, उन्होंने ये भी अवगत करवाया कि हाउसिंग बोर्ड ने वर्ष 2014 में ही 80 लाख रुपये का भुगतान नगरपालिका चीका को ड्राफ्ट के माध्यम से किया था, लेकिन उसके बाद की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते यह प्रोजेक्ट लंबित है। विधायक ने मुख्यमंत्री के ध्यानार्थ पत्र में लिखा कि सात वर्ष गुजर जाने के बाद इस जमीन का कलेक्टर रेट भी बढ़ गया है, यह जमीन बेशकीमती है जोकि अब किसी भी उपयोग में नहीं लाई जा सकती, क्योंकि यह हाउसिंग बोर्ड हरियाणा के नाम है। ईश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि हाऊसिंग बोर्ड हरियाणा चीका नगरपालिका को बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करे, इस संदर्भ में हाऊसिंग बोर्ड को निर्देश दिए जाए। यदि किसी तकनीकी कारणवश हाऊसिंग बोर्ड असहमत है तो इस जगह को एचएसवीपी विभाग को देकर सेक्टर कटवाए जाएं, ताकि गरीब वर्ग के अपने घर का सपना साकार हो सके। इससे चीका शहर का आर्थिक विकास भी होगा।