कैथल। खेल नर्सरियों के लिए आवेदन करने की अवधि वीरवार को खत्म हो गई। खेल नर्सरी के लिए कुल 90 संस्थाओं ने आवेदन किए हैं। अब विभाग मापदंडों का निरीक्षण कर संस्थाओं को खेल नर्सरियां आवंटित करेगा। जिसमें खिलाड़ियों के लिए सरकार की ओर से खर्च राशि दी जाती है।
बता दें कि खेल नर्सरी खोलने के लिए आवेदन की प्रक्रिया 24 दिसंबर से शुरू हो गई थी। खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल विभाग प्रदेश में करीब 600 नई खेल नर्सरियां खोलेगा। जिसके लिए विभाग ने आवेदन मांगे थे। जिलेभर से एक माह में खेल नर्सरियां खोलने के लिए विभाग के पास 90 संस्थाओं के आवेदन आए हैं।
अब विभाग कमेटी गठित कर आवेदन करने वाली संस्थाओं में खेल नर्सरी खोलने के लिए काउंसलिंग करेगा। जिसमें संस्थान के पास खेल मैदान, 25 खिलाड़ी, उनके प्रशिक्षण के लिए आवश्यक जगह, उपकरणों की जांच करेगा। जो संस्थाएं पात्र पाई जाएंगी उन्हें खेल नर्सरी आवंटित कर दी जाएंगी। इन नर्सरियों में केवल ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों के लिए अभ्यास करने वाले खिलाड़ी ही खेल सकेंगे। जो भी संस्थान इन सभी शर्तों पर पूरा उतरेंगे उसी में खेल नर्सरी स्थापित की जाएगी।
जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि खेल नर्सरियों के लिए जिलेभर से 90 आवेदन आए हैं। अब खेल नर्सरियों की काउंसलिंग के लिए एक दो दिन में कमेटी गठित की जाएगी। जो आवेदन करने वाली संस्थाओं में खिलाड़ियों के लिए सुविधा की जांच करेगी। खेल नर्सरी में रहने वाले खिलाड़ियों के लिए संबंधित संस्थाओं को सरकार की ओर से आवश्यक राशि प्रदान की जाती है।
प्रदेश सरकार ने 1100 खेल नर्सरियों का खाका किया तैयार : सोनू
अभी तक प्रदेश में थी केवल 111 खेल नर्सरी
पूंडरी। भाजपा जिला खेल संयोजक देवेंद्र व सोनू पूंडरी ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश की सबसे बेहतर खेल नीति है। हरियाणा सरकार अपनी नई खेल नीति के अंतर्गत प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां स्थापित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभी तक केवल 111 खेल नर्सरी ही थी। लेकिन अब मनोहर सरकार ने प्रदेश में खेल व खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1100 खेल नर्सरी का खाका तैयार किया है। जिसमें 500 खेल नर्सरी खेल विभाग व बाकी 600 खेल नर्सरी प्राइवेट संस्थानों द्वारा संचालित होंगी जिसकी प्रक्रिया विभाग ने प्रारंभ भी कर दी है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत ब्लॉक लेवल के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक नर्सरी में 20 से 25 खिलाड़ियों का चयन होगा।