कैथल। लघु सचिवालय में आयोजित दिशा की बैठक में पिछली बार की तरह बदहाल सड़कों का मुद्दा फिर से गूंजा। अधिकारियों ने कैथल-चीका रोड को चलने लायक बताया लेकिन सड़क की खराब हालत की जानकारी मिलने पर सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सड़कों की वीडियोग्राफी कराएं और रिपोर्ट दें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस सड़क की स्थिति में जल्द सुधार किया जाए।
सांसद ने कहा कि अधिकारी जिस भी कार्य की समयसीमा बता रहे हैं, उस सीमा के बाद कार्यों की निगरानी भी की जाएगी। काम बैठक में नहीं बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए। सड़क हो या अन्य कोई विकास कार्य उसके निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखें। अच्छा करेंगे तो अच्छा दिखेगा। उन्होंने कहा कि जिले में सभी 25 खेल स्टेडियम का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसमें सरकार की ओर से जो सुविधाएं दी जाएंगी। आवश्यकता हुई तो वे अपने स्तर पर भी स्टेडियम में सुविधाएं मुहैया करवाएंगे। इस अवसर पर डीसी अपराजिता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सुरेश कुमार राविश, नगर निगम आयुक्त कपिल शर्मा, सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार, एसडीएम संजय कुमार उपस्थित रहे।
फोटो में स्थिति देख सवाल पूछे
सांसद ने घोघ से रामथली, भागल से मैंगड़ा, डंडौता से बाउपुर, हरसौला-सिसला, तितरम चौक-सिग्नस अस्पताल, बेगपुर, डीग-रमाना-रमानी, संगरौली-साकरा, कौल, ढांड से कुरुक्षेत्र, चंदाना गेट से फ्रांसवाला, हरसौला से सौंगल, राजौंद में कैथल-असंध मार्ग, राजौंद बीरबांगड़ा आदि सड़कों का फीडबैक लिया। उन्होंने फोटो दिखाते हुए इन सड़कों की स्थिति के लिए सवाल पूछे और उनकी हालत में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाएं और निर्धारित अवधि में इस कार्य को पूरा करें। सांसद ने क्योड़क में बनाई जा रही लाइब्रेरी के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। क्योड़क में लाला लाजपत राय पशु विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन रीजनल सेंटर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
एसटीपी के लिए जगह उपलब्ध कराने को कहा
सांसद ने जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजौंद में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के बारे में फीडबैक लिया और कहा कि इसे जल्द शुरू करवाया जाए। इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि बालू, बात्ता, मटौर भी महाग्राम स्कीम में शामिल हैं जिसमें एसटीपी बनाया जाना है। इस पर लगभग 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे लेकिन जमीन न मिलने के कार्य पर इस पर कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।
सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों व अपनी टीम के सदस्यों को इन गांवों में जगह उपलब्ध करवाने के लिए बातचीत करने के लिए कहा। सांसद ने सिंचाई विभाग की ओर से किए गए कार्यों के बारे में फीडबैक लिया। इसमें अधिकारियों ने बताया कि गुहला-चीका में सरोला साइफन पर 48 बेज को साफ किया गया है जिसकी वजह से गत दिनों आई दो दिनों की बारिश का पानी भी समुचित निकल गया है। सांसद ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कूड़े का सही तरीके से सेग्रीगेशन किया जाए। उन्होंने सीईओ जिला परिषद व जिला नगरायुक्त को निर्देश दिए कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के विषय पर समुचित जानकारी मुहैया करवाएं।
शिक्षकों की कमी की विस्तृत रिपोर्ट दें
स्टेडियमों के रखरखाव एवं आवश्यक सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां शिक्षकों की कमी है, उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। सांसद नवीन जिंदल ने राजौंद में बनने वाले महिला कॉलेज के निर्माण के लिए विभाग के मुख्यालय में सक्षम अधिकारी से बात कर इसे जल्द पूरा करवाने और इसमें स्टॉफ की नियुक्ति के निर्देश जारी किए।
सांसद ने गांव साकरा की 100 साल से पुरानी पंचायत को पुरातत्व विभाग के अधीन लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी हाईवे के सभी लंबित सर्विस रोड का निर्माण कार्य पूरा करें। उन्होंने जिला नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि सेक्टर 19 में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के उत्पाद बेचने के लिए जगह उपलब्ध करवाएं।