संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से 141 जल, स्वच्छता सहायक कर्मियों को हटाने का नोटिस जारी करने के बाद अब यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। बुधवार को इस पर सुनवाई होगी।
इन कर्मियों का वेतन न मिलने को लेकर पहले से ही हाईकोर्ट में केस लंबित है। हाल ही में अदालत ने सरकार को वेतन जारी करने के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके उलट सरकार ने 16 अगस्त को आदेश जारी कर इनकी सेवाएं 5 सितंबर से समाप्त करने का नोटिस दे दिया।
इस पर जनस्वास्थ्य विभाग वासो के कैथल जिला सलाहकार दीपक कुमार और झज्जर के श्याम सिंह ने नोटिस को गलत ठहराते हुए हाईकोर्ट में संयुक्त याचिका दायर की है। दीपक कुमार ने कहा कि वे पिछले 13 सालों से योजना के तहत कार्यरत हैं और जल संरक्षण को लेकर निरंतर काम किया है, लेकिन सरकार ने अब उन्हें अकारण हटाने का निर्णय लिया है।