संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बुधवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह के समय रोडवेज की लंबी दूरी की बसें कुछ समय के लिए बंद रहीं, लेकिन बाद में अधिकतर रूटों पर संचालन सामान्य हो गया और दिनभर 90 प्रतिशत बसें चलीं।
हालांकि नगर परिषद और पटवार भवन में हड़ताल का खासा असर रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर परिषद कार्यालय में कर्मियों की गैरहाजिरी के चलते न तो आम जनता के कार्य हो सके और न ही शहर के कचरा डंपिंग प्वाइंट से कचरे का उठान हो पाया।
बिजली निगम और सरकारी अस्पताल में कार्य सामान्य
बिजली निगम में कार्य सामान्य रूप से जारी रहा, वहीं सरकारी अस्पतालों में भी सेवाएं पूर्ववत सुचारु रूप से चलती रहीं। हालांकि, आंगनबाड़ी वर्कर और आशा वर्कर ने सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल का समर्थन किया।
बस स्टैंड पर रहा पुलिस बल तैनात ः हड़ताल के मद्देनजर बस स्टैंड पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया था।