फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: आज तक नहीं पहुंचा शिलान्यास का पत्थर

Thu, 18 May 2023 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
नसीब सैनी
विज्ञापन

कैथल। लगभग एक साल पहले चार जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कैथल के गांव सांपन खेड़ी में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के पत्थर का अनावरण किया था। यह विडंबना ही कही जाएगी कि आज जब एक साल बीतने को हैं, अभी तक भी यह पत्थर अस्पताल परिसर तक नहीं पहुंच पाया है। या फिर यूं कहें कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है। अभी तक निर्माण के लिए लगाए जाने वाले टेंडर की शर्तों के चलते मामला लटका हुआ है। विधायक लीला राम के बार-बार किए जा रहे प्रयासों के बावजूद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तीन साल पहले कैथल में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की घोषणा की थी। इसके बाद इसे कैथल व कलायत हलका में बनाने के लिए पशोपेश बना रहा। विधायक लीला राम व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने इसे अपने-अपने हलके में ले जाने का प्रयास किया। आखिरकार विधायक लीला राम कैथल हलका के गांव सांपन खेड़ी में जमीन दिलवाकर मेडिकल कॉलेज के लिए जगह फाइनल करवाने में सफल रहे थे। इसके बाद सरकार ने पिछले साल के बजट में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 997 करोड़ रुपये के बजट का भी प्रावधान किया था। कई तरह की समितियों व कार्यालयों से चक्कर काटने के बाद स्वास्थ्य शिक्षा विभाग में कॉलेज के निर्माण की फाइल अंतत: पहुंची हुई है।
विज्ञापन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले साल चार जून 2022 को पंचकुला से कैथल में 997 करोड़ से बनने वाले मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे। इस शिलान्यास को भी लगभग एक साल पूरा हो गयाा है, लेकिन गांव सांपन खेड़ी की भूमि में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

बॉक्स
नाराज विधायक ने बनाई संगठन के आयोजनों से दूरी
कई विकास कार्यों पर काम शुरू न होने से नाराज विधायक लीला राम ने संगठन के आयोजनों से दूरी बनाई हुई है। सूत्रों का कहना है कि विधायक की नाराजगी का एक बड़ा कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू न होना भी है। वे साल भर पहले इस प्रोजेक्ट के लिए कई बार अधिकारियों से मिले। विधिवत शिलान्यास होने क बावजूद प्रोजेक्ट धरातल पर नहीं उतर रहा है। विधायक लीला राम ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले को बड़ी सौगात दी है। पिछले साल तक मेडिकल कॉलेज निर्माण के संबंध में विभाग के अधिकारी शालीन काफी रुचि लेकर काम कर रहे थे। उसके बाद ही केंद्रीय गृहमंत्री जी ने इसका शिलान्यास किया था। फिर विभाग से आईएएस शालीन का तबादला हो गया। इसके बाद इस प्रोजेक्ट पर कोई प्रगति नहीं हुई। कैथल के प्रतिष्ठित लोग भी उनसे पूछते हैं कि आखिर इसका निर्माण कार्य कब शुरू होगा। इसीलिए जिम्मेवार अधिकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दी गई इस बड़ी सौगात व कल्याणकारी प्रोजेक्ट में अपनी लेटलतीफी से अड़चने पैदा न करें। जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट का काम शुरू करवाएं, ताकि लोग मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
विज्ञापन


बॉक्स
मुख्यालय स्तर पर होना है प्रोजेक्ट पर काम
डीसी जगदीश शर्मा का कहना है कि पिछले दिनों बैठक में टेंडर के लिए शर्तोंं और नियमों पर चर्चा हुई थी। इस प्रोजेक्ट पर काम विभाग मुख्यालय स्तर पर होना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें