संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। पूंडरी से ढांड को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों वाहन चालकों के लिए खतरे का सबब बन गई है। हाल ही के तूफान में इस सड़क पर कई पेड़ गिर गए थे, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग द्वारा इन्हें नहीं हटाया गया है।
सड़क पर पड़े पेड़ों के कारण वाहनों की आवाजाही में बाधा आ रही है, और अब तक कई वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। दिन के समय तो लोग जैसे-तैसे संभल कर निकल रहे हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह मार्ग जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत इस सड़क को साफ करवाने की मांग की है। कहा कि यदि समय रहते पेड़ नहीं हटाए गए, तो किसी बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता। प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी भी जताई।