गुहला-चीका। इलाज में लापरवाही करके महिला को मौत के मुहाने तक पहुंचाने वाले डाक्टर परिवार के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय पुलिस ने जब शिकायतकर्ता पर ही समझौते का दबाव बनाने की कोशिश की तो वह पुलिस के खिलाफ शिकायत लेकर सीएम विंडो पहुंच गया। चीका निवासी अवतार सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि डाक्टर का परिवार उन्हें उनकी दुकान पर आकर जान से मारने की धमकियां देकर गया है लेकिन सीसी टीवी फुटेज की सीडी दिए जाने के बावजूद पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।सीएम विंडो पर लगाई शिकायत में अवतार सिंह ने कहा है कि अपनी पत्नी का महिलाओं संबंधी एक दिक्कत का उपचार करवाने के लिए उक्त डाक्टर के पास गया था। इलाज के दौरान डाक्टर ने इतनी लापरवाही बरती कि महिला की जान पर बन आई। अवतार सिंह जब अपनी पत्नी को लेकर पटियाला के एक बड़े अस्पताल में लेकर गया तो फिर उसे चीका वाले डाक्टर की करतूत का पता चला। अवतार ने 16 मई 2019 को एक शिकायत चीका थाना में देकर कथित रूप से लापरवाही बरतने वाली डाक्टर के खिलाफ पर्चा दर्ज करने की मांग की। शिकायत के बाद एक महीने से अधिक समय गुजर जाने के बाद अवतार सिंह ने 19 जून 2019 को डाक्टर की शिकायत सीएम विंडो पर कर दी तथा कार्रवाई की मांग की। अवतार सिंह का आरोप है कि जब सीएम विंडो वाली शिकायत की भनक डाक्टर व उसके परिवार को लगी तो वे लोग 5 जुलाई को उसकी दुकान पर आ धमके तथा जान से मारने की धमकियां देने लगे। सारा प्रकरण दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया।
अवतार सिंह ने सीएम विंडो में दी अपनी दूसरी शिकायत में कहा है कि वह डाक्टर परिवार द्वारा उसे धमकाए जाने की शिकायत 6 जुलाई को ही चीका थाना में दे आया था। पुलिस ने इस शिकायत पर भी कोई कार्रवाई करने की बजाय हर बार थाने जाने पर समझौता कर लेने में ही भलाई की बात कही।
डीएसपी प्रमोद कुमार का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। एसएचओ चीका से बात करके मामले का पता करुंगा। शिकायत पर अगर कोई कार्रवाई बनती है तो जरूर की जाएगी।