संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की जनकल्याण प्रतिबद्धता के तहत कैथल जिले के नागरिक अस्पताल में किडनी रोगियों के लिए नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा एक वरदान साबित हो रही है। अक्तूबर 2024 से शुरू की गई इस सुविधा का लाभ अब तक 1143 मरीजों ने उठाया है, जिन्होंने कुल 11,082 डायलिसिस सत्र नि:शुल्क करवाए हैं।
नागरिक अस्पताल में डायलिसिस की बढ़ती मांग को देखते हुए, वर्तमान में 12 मशीनों के माध्यम से हर महीने लगभग 900 सत्र तीन शिफ्टों में संचालित किए जा रहे हैं। यह सुविधा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए अवसर प्रदान कर रही है। सिविल सर्जन डॉ. रेनु चावला ने बताया कि क्रॉनिक किडनी रोग से पीड़ित मरीज सीधे नागरिक अस्पताल पहुंचकर अपनी मेडिकल रिपोर्ट और दस्तावेज दिखाकर मुफ्त डायलिसिस की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। अक्टूबर 2024 से नवंबर 2025 तक मरीजों ने इस सुविधा का सफलतापूर्वक लाभ उठाया है।