संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह ने हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े लंबित मुद्दों को आगामी शीतकालीन सत्र में विधानसभा में उठाने की मांग की। संगठन ने राज्य के विधायकों को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जनता के मुद्दे विधानसभा में नहीं उठाए गए तो भविष्य में विधायक जवाबदेह ठहराए जाएंगे।
किसानों ने कहा कि यदि उनकी फसलों के उचित दाम, मजदूरों के अधिकार, रोजगार और महंगाई जैसी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 23 से 25 फरवरी 2026 तक मुख्यमंत्री आवास, कुरुक्षेत्र के सामने तीन दिवसीय धरना दिया जाएगा। ज्ञापन अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल जिले के सभी विधायकों को सौंपा गया।
इस मौके पर संगठन के महासचिव कुलदीप, गुरमीत सिंह, मनीष चंदना, मौन्टी, राजेश, महेन्द्र सिंह, राजबीर, आत्मा राम, सुरेश और जिले सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।