संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा कार्यालय कपिल कमल में अटल शताब्दी वर्ष के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में देश ने तरक्की की जो राह पकड़ी, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने जिस कार्यकुशलता से कई दलों को जोड़कर शासन चलाया, उसी की बदौलत देश में एनडीए की मजबूती की नींव पड़ी और आज नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर शासन चला रहे हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड ने कहा कि सड़कों के लिए चतुर्भुज योजना, पोखरण परमाणु परीक्षण करना, किसानों के लिए केसीसी योजना, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाकर घर-घर सिलेंडर पहुंचाना प्रमुख काम था।
इसके अलावा कारगिल युद्ध के समय मजबूती से दुश्मन का मुकाबला करना, शहीदों के शवों को पहली बार सम्मान के साथ ताबूत में उसके घर तक पहुंचाना जैसे अनेक कार्य थे, जिससे परिजनों को लगता था कि हमारा जवान देश के लिए शहीद हुआ है और सरकार ने उसे वो सम्मान दिया है, जिसका वो हकदार था।
जिला मीडिया प्रभारी राज रमन दीक्षित ने बताया कि प्रबुद्ध जन सम्मेलन के दौरान अटल शासनकाल के दौरान उनकी नीतियों व कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में सहयोग देने वाले वरिष्ठ नेताओं को मालाएं डालकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने की। इस मौके पर पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, राजपाल तंवर, सुभाष हजवाना, जसवंत पठानिया, सुरेश संधू, जिला मीडिया प्रभारी राज रमन दीक्षित, फौजी कर्मवीर, रवि भूषण गर्ग, राम प्रताप गुप्ता, हरि चंद जांगड़ा, आदि मौजूद रहे।