संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका भेजने का झांसा देकर मोहना गांव निवासी युवक युवराज को डोंकरों की ओर से बंधक बना डॉलर मांगने के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ पूंडरी थाना में केस दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों में से दो कैथल के दुसैन गांव और एक कुरुक्षेत्र का है।
इस मामले में पूंडरी थाना में युवराज के पिता कुलदीप सिंह की शिकायत पर कुरुक्षेत्र निवासी एजेंट माइकल उर्फ नीटू व दुसैन निवासी नवजोत व देवेंद्र के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
युवराज के पिता कुलदीप ने पूंडरी थाना में दी गई शिकायत में बताया कि उसने अपने बेटे युवराज को अमेरिका भेजने के लिए कुछ एजेंटों से संपर्क किया था। एजेंटों ने 41 लाख रुपये में सौदा तय किय। उसे कहा कि रुपये तभी लेंगे, जब युवराज अमेरिका पहुंच जाएगा, लेकिन एजेंटों ने अलग-अलग बहानों से 14 लाख रुपये पहले ही ले लिए।
भारत से जाते वक्त एजेंटों ने शुरू में ही युवराज का पासपोर्ट ले लिया। इसके बाद अक्तूबर 2024 में उसे डंकी रूट से अमेरिका के लिए रवाना कर दिया गया। शुरुआत में तो बेटे से फोन पर बातचीत होती रही। मगर, कुछ दिन से उसके फोन आने बंद हो गए।
इससे परेशान परिजनों ने एजेंटों से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि युवराज रास्ते में है। घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और समुद्र के रास्ते वह अमेरिका जा रहा है। वहां फोन आदि नहीं चलते। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब अमेरिका पहुंचकर युवराज से संपर्क होगा। उन्होंने कहा कि बेटे युवराज से कई दिन से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
इसी बीच उनके मोबाइल पर वीडियो भेजे गए, जिसमें उनके बेटे युवराज को ग्वाटेमाला देश में बंधक बनाना बताया गया। वीडियो में बेटे के साथ एक युवक और नजर आ रहा है, जो पंजाब का बताया गया है। वीडियो में डोंकर दोनों युवकों को फर्श पर उल्टे लेटाकर थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। पिस्टल को लोड कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। दोनों युवक काफी डरे हुए लग रहे हैं। पूंडरी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने तीन एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही उनको गिरफ्तार भी किया जाएगा।