संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बड़ी चौपाल को सजूमा रोड से जोड़ने वाली मुख्य गली को पुनर्निर्माण के नाम पर तोड़ दिया गया, लेकिन पानी की निकासी का कोई ठोस प्रबंध न होने के कारण पूरी गली कीचड़ से लबालब भर गई है। इससे स्थानीय लोग, श्रद्धालु, स्कूल के बच्चे और बुजुर्ग इस गली से गुजरने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि जीना मुहाल हो गया है।
गली में मां बसंती और ग्यारह रुद्री मंदिर हैं, जहां सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। कीचड़ भरी गली से मंदिर तक पहुंचना उनके लिए अब मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन ने लोगों की सहूलियत को दर किनार कर करीब दो सप्ताह पहले गली को खोद डाला। यहां पानी की निकासी के लिए कोई नाली नहीं है। इस कारण घरों का गंदा पानी जमा हो रहा है। लोगों ने कहा कि गंदगी के कारण से मच्छरों की भी भरमार हो गई जिसके चलते संक्रामक रोग फैलने का अंदेशा बना है।
दूसरी ओर नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि गली का निर्माण जितनी जल्दी हो सके शुरू करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, पानी की निकासी सुनिश्चित किए बिना आगे का निर्माण नहीं होगा, ताकि भविष्य में लोगों को और परेशानी न हो।
नगरपालिका प्रशासन ने बिना सोचे समझे गली को उखाड़ दिया। इस समय गली में रहने वालों के साथ यहां आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। -शीतल सिंह राणा
गली से पानी की निकासी को सुनिश्चित करने के बाद ही निर्माण के लिए कदम उठाना चाहिए था। प्रशासन की जलदबाजी से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। -तेजपाल राणा
गली को उखाड़ने से पहले गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। इसलिए गली में पानी जमा हो गया है और परेशानी बढ़ गई है। -प्रदीप राणा, पार्षद-वार्ड 6
कुछ लोगों ने नाले के निर्माण को लेकर कोर्ट में स्टे ले रखा है, जिससे निर्माण में देरी हो रही है। नगरपालिका ने कहा कि स्टे वाले हिस्सों को छोड़कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। -राजेश राणा, पार्षद-वार्ड 7
4केएलटी48,49: वार्ड नंबर 6 व 7 को जोडऩे वाली मुख्य गली के हाल बेहाल
4केएलटी48,49: वार्ड नंबर 6 व 7 को जोडऩे वाली मुख्य गली के हाल बेहाल
4केएलटी48,49: वार्ड नंबर 6 व 7 को जोडऩे वाली मुख्य गली के हाल बेहाल