संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों के डेटा मिलान न होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के सदस्यों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के समक्ष धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कमेटी के सचिव सतबीर राविश के माध्यम से उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
धरना प्रदर्शन की अगुवाई भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चमकौर सिंह बनेड़ा ने की। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर बड़ी संख्या में किसानों का डेटा मिसमैच है, जिससे किसानों के गेट पास नहीं कट पा रहे हैं और उनकी फसलें एमएसपी पर बिक नहीं पा रही हैं।
चमकौर सिंह ने कहा कि पिछले दिनों किसानों का एक जत्था एसडीएम गुहला से मिला था, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि मंडियों में डिजिटल कांटे नहीं लगाए जा रहे और आढ़ती पुराने फर्सी कांटों से ही धान की तुलाई करते हैं। इससे प्रति बोरी 500 से 700 ग्राम तक धान अधिक तौला जा रहा है, जबकि किसानों को पता नहीं चलता।
किसानों ने उपायुक्त से मांग की है कि पोर्टल को तुरंत दुरुस्त किया जाए और धान की तुलाई के लिए डिजिटल कांटे लगाए जाएं। मार्केट कमेटी सचिव सतबीर राविश ने बताया कि मंडियों में धान खरीद का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। कुछ किसानों ने अपनी जमीन का ब्योरा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवाया है, जिससे पोर्टल पर डेटा का मिलान नहीं हो पा रहा। डिजिटल कांटे लगाने के लिए आढ़तियों को निर्देश जारी किए गए हैं। किसानों का मांग पत्र जल्द ही उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा।
इस मौके पर सदरेहड़ी, सुभाष पुनिया, जरनैल जैली, राहुल पुनिया, गुलजार सिंह, कुलवंत सिंह, गुरजंट टटियाना, गुरपाल गगड़पुर, लाभ सिंह, रत्न सिंह और दर्शन सिंह आदि किसान मौजूद रहे।