गुहला चीका। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के चीका आगमन के दौरान अनाज मंडी एसोसिएशन के सदस्यों ने मांग पत्र सौंपकर उनका कमीशन 2.50 प्रतिशत करने की मांग रखी। आढ़तियों ने अपने मांग पत्र में कमीशन बढ़ाने, पंजाब की तर्ज पर स्थायी लाइसेंस बनाने, अतिरिक्त अनाज मंडी में किसान भवन बनाने, मंडी के कच्चे फड़ को पक्का करने, पुरानी अनाज मंडी में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने व भागल मंडी में शेड, पानी-बिजली प्रबंध करने की मांग भी रखी।
अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान कर्मचंद गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चुनाव के दौरान उनका कमीशन बढ़ाने का आश्वासन दिया था। अब धान के दाम बढऩे के बावजूद सरकार ने उनका कमीशन घटा दिया है जो आढ़तियों के साथ नाइंसाफी है। कृषि मंत्री ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात कर उनकी मांग का जल्द हल करवाने का भरोसा दिया। इस मौके पर राजकुमार जाखौली, अशोक गर्ग, राजेश गोयल, मुकेश जैन, सहित दर्जनों आढ़ती मौजूद रहे। संवाद