संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टयोंठा में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह समारोह विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बना, क्योंकि इस स्कूल की तीन छात्राएं हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में सेकेंड रनर अप टीम का हिस्सा बनी थीं।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक सतपाल जांबा ने विद्यालय की खिलाड़ियों को 11 हज़ार प्रति खिलाड़ी की नकद राशि प्रदान की।
खिलाड़ियों को दिल खोलकर दिया सहयोग
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कई अन्य संस्थाओं और सामाजिक व्यक्तियों ने भी दिल खोलकर सहयोग दिया। ग्राम पंचायत ढुलियानी ने 5,100 रुपये प्रति खिलाड़ी देने की कही। विद्यालय की ओर से 2100 रुपये प्रति खिलाड़ी देने की घोषणा की। इस अवसर पर सोहन सिंह, रजनी बाला और जगदीश कोबरा ने व्यक्तिगत रूप से 2100 रुपये प्रत्येक खिलाड़ी को दिए। ग्राम पंचायत टयोंठा की ओर से भी 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य और खेल प्रभारी ने इन छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विद्यालय के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि हमारी छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह से प्रदर्शन किया है, वह न केवल स्कूल के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। हम उन्हें और आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण सहयोग देंगे। सम्मान समारोह में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक, स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे। छात्राओं को फूलमालाओं से स्वागत किया गया और तालियों की गूंज ने उनके हौसले को और बुलंद किया।