संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। श्री सनातन धर्म सभा के चल रहे बाल उपवन आश्रम से मंगलवार को अमेरिका की एक महिला ने दो साल की बच्ची को गोद लिया है। यह पूरी कार्रवाई महिला एवं बाल विकास विभाग के नियमानुसार पूरी की गई है। इसमें करीब छह माह का समय लगा।
बच्ची को मंगलवार को श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान रविभूषण गर्ग ने उसकी मां को सौपा। इस अवसर पर उनके साथ समाजसेवी अरुण सर्राफ भी मौजूद रहे।
रविभूषण गर्ग ने बताया कि सभा की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन बाल उपवन आश्रम स्पेशलाइज्ड एडोप्शन एजेंसी को चलाया जा रहा है। एजेंसी में समाज से ठुकराए गए व अनाथ बच्चों को आश्रय दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यह बच्ची जिला बाल कल्याण समिति ने उन्हें करीब दो वर्ष पूर्व सौंपी है। बच्ची मेडिकल अनफिट थी। ऐसे में सभा ने बच्ची का ऑपरेशन भी करवाया था।
अब तक दिए जा चुके हैं 70 से अधिक बच्चे गोद ः रविभूषण गर्ग ने बताया कि एजेंसी के माध्यम से अब तक 70 से अधिक बच्चों को गोद दिया जा चुका है। इनमें से तीन बच्चों को विदेशों के दंपत्तियों की ओर से गोद लिया गया है।
समाजसेवा ही मुख्य ध्येय ः प्रधान रविभूषण गर्ग ने कहा कि समाजसेवा ही उनका व संस्था का मुख्य ध्येय है। जैसे ही कोई अनाथ बच्चे को उसके माता-पिता से मिलाया जाता है तो उन्हें अपार खुशी होती है। उन्होंने बताया कि समाजसेवा की दृष्टि से ही संस्था द्वारा पिछले 50 सालों से भी अधिक समय से वृद्ध आश्रम भी चलाया जा रहा है।