The accused said - after killing Jatin for the transaction, the dead body was thrown in the bushes
- फोटो : Kaithal
कैथल। गत 23 जनवरी को विस्तार अनाज मंडी कैथल के सुनसान इलाके की झाड़ियों में मिले कंकाल के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मृतक की पहचान करने के साथ-साथ उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
शनिवार को सीआईए-2 परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि 23 जनवरी को पुलिस को कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के कपड़ों आदि से शिनाख्त का प्रयास किया। 20 जनवरी को ही प्रताप गेट निवासी मनोज कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका 28 वर्षीय भाई जतिन लापता है। पुलिस ने 23 जनवरी को कंकाल के पास से मिले कपड़ों को दिखाते हुए मनोज कुमार व उसके परिजनों को बुलाया। मनोज ने कपड़ों से इस बात की पुष्टि कर दी कि ये कपड़े उसके लापता भाई जतिन के हैं। इसके बाद पुलिस को पता चल गया कि जतिन की हत्या करके शव यहां फेंका गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच का सहारा लेते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जो पंजाब के संगरूर जिले के गांव चोटियां थाना घग्घा निवासी विकास उर्फ रोहित व बलजिंद्र हैं।
पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों ने जतिन की 9 जनवरी को हत्या कर शव मंडी की झाड़ियों में फेंक दिया था। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने एक बार जतिन के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए थे। इसके बाद फिर उसे इसी उद्देश्य से बुलाया। जहां किसी बात को लेकर झगड़े व पैसे के लेनदेन के कारण सरिये से सिर में हमला कर उसकी हत्या कर शव को यहां झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद से ही दोनों यहां से चले गए थे। दोनों को रविवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात के संबंध में और जानकारी जुटाई जा सके।