संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी व्हीकल स्टाफ ने चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान दो और चोरी की वारदातें खुलवाई हैं। इस दौरान आरोपी के कब्जे से चांदी के दो गिलास बरामद किए गए।
पुलिस ने 6 अगस्त को आरोपी को अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड पूरा होने के बाद अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी व्हीकल स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने मानस गांव निवासी असलम खान को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई चंदाना गेट निवासी रमन की शिकायत पर हुई थी। रमन ने बताया था कि 28 जुलाई को वह परिवार सहित दिल्ली गया था। 29 जुलाई की रात लौटकर देखा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। जांच में 2.57 लाख रुपये, दो सोने के सेट, दो सोने की चूड़ियां, दो चांदी के गिलास, एक चांदी का सिक्का और लैपटॉप चोरी होना पाया गया।
थाना शहर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी से चोरीशुदा लैपटॉप और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी पहले ही बरामद कर ली थी। रिमांड में आरोपी ने थाना शहर क्षेत्र के दो और मकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की, जिनमें से बरामदगी के तौर पर चांदी के दो गिलास मिले।