संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने दुकान से चोरी करने के मामले में आरोपी काबू किया था। अब आरोपी ने तीन दिन से पुलिस रिमांड में पांच चोरियां कबूली हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुराड़ निवासी सचिन ने शिकायत दी थी कि कुराड़ गांव स्थित उसकी पेंट दुकान से 20 फरवरी की रात चोर इन्वर्टर बैटरी और पेंट की बाल्टी और उसके साथ वाली दुकान से दो पुराने एसी व इनवर्टर बैटरी चोरी करके ले गए। कलायत थाने में यह केस दर्ज कराया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने करते हुए 28 फरवरी को धनौरी निवासी आरोपी राजेश को गिरफ्तार करके अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। इस दौरान पूछताछ के बाद आरोपी ने उपरोक्त वारदात के अलावा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला जींद के थाना सदर नरवाना व गढी के तहत तीन व जिला फतेहाबाद के थाना भूना के तहत एक चोरी की वारदात को भी अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुल पांच चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूला है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गाड़ी, चोरीशुदा 11 डिब्बे व दो बाल्टी पेंट, दो पुराने एसी, चार बैटरी, दो इन्वर्टर व एक गैस सिलिंडर बरामद किया गया। आरोपी के अन्य साथियों की पुख्ता पहचान कर ली गई। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।