कलायत। क्षेत्र से वीरवार सुबह दो नाबालिग बच्चियों का अपहरण कर ले जाने वाले आरोपी रमन निवासी अन्दाना (पंजाब) को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बच्चियों को देखकर उसके मन में उन्हें अपने साथ ले जाने का विचार आया था। वह उन्हें बाइक पर बैठाकर रेलवे स्टेशन के बजाय दूसरे रास्ते पर ले गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कलायत क्षेत्र में अपनी बहन के घर आया हुआ था। बच्चियों को लेकर जाने के दौरान उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया जिससे वह आगे नहीं बढ़ सका। हालांकि एक दिन पहले वाहन सामने आने के बाद बाइक रुकने की बात सामने आई थी।
इस दौरान बच्चियों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपी ने उन्हें डराने-धमकाने और चुप कराने का प्रयास किया लेकिन वे लगातार आवाज लगाती रहीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।