कैथल। शहर में अपराध लगातार बढ़ रहा है। शनिवार देर रात करीब दो बजे चोरों ने शहर के रेलवे गेट स्थित नरवानियां बिल्डिंग के पास और जनता मार्केट में छह दुकानों में चोरों ने लाखों रुपये के सामान और नकदी चोरी कर ली।
इस दौरान चोरों ने इन सभी छह दुकानों के शटर भी तोड़े। शटर तोड़ने की घटना की सीसीटीवी भी कैद हो गई है। दुकानों में हुई चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर शहर थाना की पुलिस पहुंची और जांच की। इस दौरान फोरंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में भी काफी रोष है।
व्यापारियों का कहना है कि जिले में पिछले कई दिनों से लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ा है। अब हिसार के बाद कैथल में भी व्यापारियों को निशाना बनाया जाने लगा है। यदि पुलिस ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे जल्द ही कोई बड़ा फैसला लेंगे। व्यापारियों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में पुलिस ने गश्त को काफी कम किया है। इस कारण ही मुख्य बाजारों में भी चोरियां होने लगी है। दुकानदारों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य के अनुसार सभी दुकानों में शटर तोड़कर चोरी करने के लिए तीन अज्ञात युवक आए थे। यह युवक स्कूटी पर सवार होकर आए थे।
बर्तन के दुकानदार हितेश कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह तीन बजे ही सूचना मिली कि आपकी दुकान में चोरी हो गई है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। दुकान में देखा तो गल्ले में नकदी चुराई गई थी। इस दौरान चोरी करीब 20 हजार रुपये की नकद राशि लेकर गए हैं।
सेक्टर 19 निवासी आश्रेय ने बताया कि उनकी जनता मार्केट कैथल में दुकान घी व रिफाइंड की थोक की दुकान है। उसके पास में ही शेखर की घी की, राजेंद्र मोहन की चीनी की और कोमल पुत्र यशपाल मक्कड़ की किरयाना की दुकान है। वे सभी रात करीब साढ़े आठ बजे दुकानें बंद करके घर चले गए थे। रविवार सुबह पांच उन्हें पता चला कि उनकी दुकानों के शटर टूटे हए हैं। इन सभी दुकानों में करीब एक लाख रुपये के सामान और नकदी चोरी हुई है।
वर्जन-
जनता मार्केट व नरवानियां बिल्डिंग के पास हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद पुलिस व फारेसिंक की टीम मौके पर पहुंची थी। दुकानदारों की शिकायत ले ली गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
- एसआई, सुभाष चंद, जांच अधिकारी, शहर थाना, कैथल।