गन्ने के भाव में मामूली बढ़ोतरी को रोष जताते हुए किसान नेता। विज्ञप्ति
कैथल। संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी ने हरियाणा सरकार की ओर से गन्ने के भाव में मौजूदा पिराई सत्र के लिए की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मामूली बताते हुए इसे किसानों के साथ छलावा करार दिया है।
मोर्चा ने सरकार से गन्ने का भाव किसानों की मांग के अनुसार 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। जिला संयोजक महेंद्र सिंह और जिला प्रधान जसबीर सिंह ने कहा कि सरकार ने मौजूदा पिराई सत्र के लिए गन्ने के भाव में 15 रुपये और अगले पिराई सत्र के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है।
यह वृद्धि किसानों की लागत के मुकाबले बेहद कम है। किसान नेता सतपाल आनंद, धर्मपाल भुना, सतपाल दिल्लोंवाली, जिया लाल, ओमप्रकाश ढांडा, राजीव आर्य, सुभाष बडसीकरी, रमेश कुमार व प्रदीप कुराड का कहना है कि गन्ने की फसल तैयार करने में करीब एक साल लगता है। इस दौरान खाद, बीज, मजदूरी और अन्य कृषि लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। मोर्चा ने चेतावनी दी कि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। संवाद
गन्ने के भाव में मामूली बढ़ोतरी को रोष जताते हुए किसान नेता। विज्ञप्ति