संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शनिवार को धूल भरी आंधी के बाद हवाओं में आए बदलाव के कारण अब 26 मई तक मौसम खुश्क और गर्म रहने की संभावना है। रविवार 25 मई को नौ तपा की शुरुआत हो रही है लेकिन
27 मई से मौसम का मिजाज बदलने
की संभावना है। इससे गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश हो सकती है।
हवा में नमी के कारण अधिकतम तापमान में 4.6 और न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.2 व न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन भर तेज धूप के साथ रही भीषण गर्मी, रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ 25 मई को सक्रिय होना था लेकिन धूल भरी आंधी आने के कारण उसके संभावित समय में भी बदलाव आ गया है। नौ तपा में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मी के मौसम में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाड़ियों बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है।
जिला प्रशासन द्वारा जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका सभी पालन करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखें।
मौसम आमतौर पर 26 मई तक खुश्क और गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हवाएं चल सकती है, जिससे दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। - -डॉ. रमेश चंद्र वर्मा, मुख्य अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र