संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत पुलिस की जागरूकता टीम ने वीरवार को शिमला व बात्ता गांव में स्कूली विद्यार्थियों व आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक कर उन्हें नशे के दुष्प्रभाव बताए। जागरूकता टीम में पीएसआई रामलाल, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, होमगार्ड शमशेर की टीम के सदस्य शामिल रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी देते कहा कि नशे से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही यह भविष्य को भी खतरे में डालता है। नशे की लत न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि यह परिवार और समाज के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न करती हैं।
विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में किसी लक्ष्य को प्राप्त करना है तो हमें नशे से दूर रहना होगा। नशे से दूर रहेंगे तो जीवन में हर वह लक्ष्य पा सकते हैं जिसकी हम कल्पना करते हैं। नशा एक ऐसी चीज है जो हमारे सपनों को तो खत्म करता ही है साथ ही साथ हमें अंदर से खोखला भी बनाता है। आज का युवा अपने मकसद और अपने सपनों से सिर्फ इसलिए भटक रहा है क्योंकि वह नशे की गिरफ्त में जा रहा है। यह एक गंभीर समस्या है। युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए कैथल पुलिस लगातार प्रयासरत है।
इसी कड़ी में पुलिस की ओर से स्कूल, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। नशा शरीर और मस्तिष्क पर बहुत गलत प्रभाव डालता है। नशा का आदी होना आसान है परंतु इसकी लत से छुटकारा पाना बेहद मुश्किल है। जिला व गांव को नशा मुक्त करने में पुलिस का सहयोग करें।