राजकीय स्कूल के बच्चों के साथ एसडीएम। प्रवक्ता
गुहला-चीका। एसडीएम मनीष कुमार यादव अचानक सुबह के समय गांव खरौदी के राजकीय स्कूल में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कक्षा में शिक्षक को मोबाइल चलाते देखा तो सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिक्षकों को कहा कि जब कक्षा चल रही हो तो कोई भी शिक्षक मोबाइल का उपयोग नहीं करेगा। यदि कोई शिक्षक ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक का पूरा ध्यान शिक्षा प्रदान करने में केंद्रित हो। स्कूल में साफ-सफाई व अन्य सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त हों। बच्चों को सही से पढ़ाई का माहौल प्रदान किया जाए। इसके बाद एसडीएम मनीष कुमार यादव गांव भूना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। यह केवल पढ़ना-लिखना ही नहीं सिखाती बल्कि सही और गलत के अंतर करने की समझ भी विकसित करती है। शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों को प्राप्त करता है। इसलिए सभी शिक्षक गंभीरता पूर्ण विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करें, इसमें कोई भी लापरवाही न बरते।
व्यवस्थाओं के बारे में लिया फीडबैक
एसडीएम ने स्कूल परिसर व विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं के बारे में पूर्ण फीडबैक लिया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों की ओर से राजकीय स्कूल में अध्यापकों की कमी एसडीएम के संज्ञान में लाई गई। इस पर एसडीएम ने कहा कि उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवा अध्यापकों की संख्या को पूरा करवाया जाएगा। गांव भूना के सरपंच की ओर से राजकीय स्कूल में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्कूल में नया वाटर कूलर लगवाया गया। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने बच्चों से ही वाटर कुलर का उद्घाटन करवाया। एसडीएम ने स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया।
राजकीय स्कूल के बच्चों के साथ एसडीएम। प्रवक्ता