संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद नवीन जिंदल ने शनिवार को मानस रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि यदि गांवों में छोटे स्तर पर इस प्रकार के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे तो इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से गांवों में गंदे पानी से किसी भी प्रकार के रोगों के फैलने की संभावना भी कम हो जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने सीवरेज प्लांट के विभिन्न सेक्शनों का निरीक्षण किया और विशेषज्ञों से बातचीत कर इसकी तकनीकी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षे़त्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों की स्थापना करना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल गांवों में गंदे पानी की समस्या का समाधान होगा बल्कि इन प्लांटों पर उपचारित जल का भी दोबारा से कृषि, बागवानी और निर्माण कार्यों में उपयोग किया जा सकेगा।
उन्होंने इसकी देखरेख व कुशलतापूर्वक संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों की प्रशंसा की।
सांसद नवीन जिंदल ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे नवाचारों पर भी कार्य करने की सलाह दी जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग प्लांट के उपचारित पानी से लाभ उठा सके।